राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, कांग्रेसियों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मुकेश सिंह राजपूत नामक व्यक्ति ने फेसबुक लाइव के दौरान गांधी परिवार के सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उनका कहना है कि वीडियो सार्वजनिक होने से पार्टी और उसके नेताओं की छवि प्रभावित हुई है। कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से संबंधित वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
थाने पहुंचे कांग्रेसियों ने पुलिस से फेसबुक लाइव वीडियो की जांच कराने और वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की।
इस दौरान राजकुमार निषाद, लाल प्रकाश पाल, विपिन राय, इकबाल, सीटू कुमार, एडवोकेट अच्छेलाल सोनकर, अखिलेश यादव और राज बहादुर गौतम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

