एमएलसी चुनाव: मतदान कार्मिकों को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण, डीएम ने दिए पारदर्शी मतदान के निर्देश
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की उपस्थिति में दो पालियों में हुए प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को उनके दायित्वों तथा मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण की पहली पाली सुबह 10 बजे और दूसरी पाली अपराह्न दो बजे आयोजित हुई। इसमें पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय को निर्वाचन संबंधी नियमों, अधिकारों, कर्तव्यों और मतदान सामग्री के सही इस्तेमाल के बारे में बताया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पूरी सावधानी से पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन में अमिट स्याही लगाने की प्रक्रिया, मतपेटिका को खोलने और बंद करने की विधि तथा पेपर सील लगाने की जानकारी दी गई। मतदान कार्मिकों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के माध्यम से मतपेटिका में पेपर सील लगाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे मतदान के दिन सभी प्रक्रियाओं को सही तरीके से पूरा कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान उपलब्ध कराई गई अध्ययन सामग्री का भली-भांति अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर उसका समाधान अवश्य कर लें।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीना देवी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

