बुलडोजर से हुई फूलों की बारिश, गाजे-बाजे के बीच गूंजा ‘मोदी-योगी जिंदाबाद
संकल्प सेवा यात्रा का भाजपाइयों ने किया जोरदार स्वागत
जफराबाद। वडनगर से वाराणसी जा रही संकल्प सेवा यात्रा मंगलवार को हौज टोल प्लाजा पहुंची तो भाजपाइयों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ उसका जोरदार स्वागत किया। गाजे-बाजे की धुन के बीच कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण किया, वहीं बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर माहौल को भगवामय कर दिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘योगी-मोदी जिंदाबाद’ के नारों से टोल प्लाजा गूंज उठा।
पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, मछलीशहर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, सिरकोनी ब्लॉक प्रमुख बंसराज सिंह, मुंबई से पहुंचे भाजपा नेता अशोक सिंह तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री अनुपमा राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी स्वागत के लिए जुटे रहे।
यात्रा के हौज टोल प्लाजा पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा ने पूरे कार्यक्रम में जोश भर दिया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच नारेबाजी करते हुए यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश और देशवासियों की सेवा के लिए सदैव तैयार रहता है। किसी भी आपदा या विपरीत परिस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था सबसे पहले आगे बढ़कर मानव सेवा के संकल्प को पूरा करने में जुट जाता है। सेवा और समर्पण भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
स्वागत करने वालों में आमोद सिंह रिंकू, जफराबाद के पूर्व चेयरमैन प्रमोद बरनवाल, साधु सिंह, परमेन्द्र चौहान, मुन्ना सिंह, शशिकांत पाठक, संजय उर्फ बबलू सिंह, गोलू सिंह, विशाल मिश्र, विनय सिंह, हर्षित सिंह, शीतला गिरी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

