पेड से नाबालिग को बांधकर पीटने के तीन अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गौराबादशाहपुर (जौनपुर) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के चकराजेपुर पचोखर निवासी नाजमा पत्नी शमशेर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनका बेटा रोहित अपने दोस्तों छोटू और गोदीवाले के साथ मोपेड से गौराबादशाहपुर जा रहा था। इसी दौरान विपक्षियों ने उन्हें रोककर पेड़ से बांध दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी थी।
मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ केशवपुर गांव में अभियुक्तों से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी आपस में कहासुनी करने लगे और उत्तेजित होकर अनाप-शनाप बोलने लगे। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान केशवपुर निवासी अबुल कश्यप, पवन मौर्य और दिलीप मौर्य के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है

