राष्ट्रीय समूहगान में गूंजी राष्ट्रभक्ति की स्वर लहरियां
सनराइज इंटरनेशनल स्कूल मड़ियाहूं की टीम ने मारी बाजी, 15 विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
जौनपुर। भारत विकास परिषद शाखा शौर्य के तत्वावधान में गुरु-वंदन, छात्र अभिनंदन एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत समूहगान प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रतियोगिता में सनराइज इंटरनेशनल स्कूल मड़ियाहूं की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। चार समूहों में विद्यार्थियों ने हिंदी एवं संस्कृत में राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार (खेल एवं युवा कल्याण) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भारत विकास परिषद ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्कारित बच्चे ही स्वस्थ, समर्थ और सशक्त भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिला मंत्री सुधांशु सिंह, स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसडर स्वर्णिमा जायसवाल, पूर्व प्रधानाचार्य उदयराज सिंह तथा एसआरएस सर्विसेज के बिजनेस हेड पंकज पाण्डेय विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य वक्ता प्रो. अजय द्विवेदी ने युवाओं की भूमिका और नागरिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। गतिविधि संस्कार अतुल जायसवाल, जिला समन्वयक सत्येंद्र अग्रहरि एवं जिला सह समन्वयक नीरज श्रीवास्तव ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की रोली श्रीवास्तव और प्रवीणता श्रीवास्तव ने गायन, लय, ताल एवं प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। सनराइज इंटरनेशनल मड़ियाहूं की टीम प्रथम, महावीर कान्वेंट स्कूल नखास द्वितीय तथा गुलाबी देवी बालिका इंटर कॉलेज कन्हईपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गुरु-वंदन छात्र अभिनंदन के तहत 15 विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों का उनके ही विद्यालय के विद्यार्थियों ने वंदन किया। इसके बाद शिक्षकों ने अपने विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने उत्कृष्ट शिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय ने किया। भारत विकास परिषद शौर्य के अध्यक्ष अवधेश गिरि ने अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। सचिव नित्यानंद पाण्डेय ने अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर पंकज सिंह, राजेश कुमार, राहुल पाण्डेय, रमेश श्रीवास्तव, मीनू श्रीवास्तव, प्रियंका पाण्डेय, चंचल पाठक, ज्ञान उपाध्याय, प्रमोद शुक्ला, दयाशंकर निगम, जगत प्रकाश, डॉ. अमरनाथ पाण्डेय, अंशज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

