आरबीआई का लोगो दिखाकर ठगी का खेल, गैंग सरगना गिरफ्तार
बरसठी पुलिस ने 22 कागजों पर लगा संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ
RBI के लोगो एवं 500 के नोट जैसी कटिंग, कार—मोबाइल बरामद
बरसठी, जौनपुर। रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठने वाले कथित गिरोह के सरगना को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों का विश्वास जीतने के लिए RBI का लोगो और 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग की कागज की कटिंग दिखाता था। इसके बाद रुपये दोगुने करने का लालच देकर उनसे रकम हासिल की जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 कागज के टुकड़े बरामद किए हैं जिन पर पुलिस ने तीव्र विस्फोटक पदार्थ लगा होने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक बीती रात चेकिंग के दौरान तिराहे पर चार पहिया वाहन रोक करके तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम सचिन उपाध्याय पुत्र गुलाब शंकर उपाध्याय निवासी अबरना थाना सुरियावां जनपद भदोही बताया। तलाशी में 22 कागज बरामद हुये जिन पर लेप लगा संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ था। इसके अलावा करीब 22 इंच लंबी और एक इंच चौड़ी RBI के लोगो व 500 रुपये के नोट जैसी रंगत वाली कागज की कटिंग, Redmi एंड्रॉयड मोबाइल और 2,230 रुपये नकद मिले।
पुलिस का दावा है कि गिरोह संगठित तरीके से लोगों को रुपये दोगुने करने का झांसा देता था। बरामद संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल अपराध के साक्ष्य मिटाने और लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिये किये जाने की बात भी पुलिस ने बताई है। आरोपी के खिलाफ बरसठी थाने में BNS की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भदोही और सुरियावां थानों में चोरी, अवैध गतिविधियों, हत्या प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं।
गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल यादव, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, कांस्टेबल संदीप पटेल, रिजर्व पुलिसकर्मी बालकृष्ण तिवारी, अंकित पाल, अभय कुमार, योगेश गौतम की टीम ने किया।

