जौनपुर के अंकुश यादव का कमाल, इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग में हुआ चयन, हैदराबाद टीम से दिखाएंगे दम

  22 से 26 अक्टूबर तक मुंबई में होगा मुकाबला

मछलीशहर, जौनपुर। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर जौनपुर के एक और होनहार खिलाड़ी ने जिले का मान बढ़ाया है। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के अगहूँवा सवैया गांव निवासी बैडमिंटन खिलाड़ी अंकुश यादव का चयन इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग के लिए हुआ है। अंकुश लीग में शटल स्नाइपर्स हैदराबाद टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। उनकी इस उपलब्धि से गांव से लेकर पूरे जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित लीग तक पहुंचना अंकुश के संघर्ष, समर्पण और खेल के प्रति जुनून को दर्शाता है।


अंकुश यादव वर्तमान में बेंगलुरु स्थित एनएस स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन और खेल कौशल को निखारने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी इसी लगन ने उन्हें इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग तक पहुंचाया है। अब उनके सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर टीम को मजबूती देने और बैडमिंटन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की चुनौती होगी।


आठ शहरों की टीमें लेंगी हिस्सा

इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग के संस्थापक विनीत चतुर्वेदी हैं, जबकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह को लीग कमिश्नर नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में आठ शहर आधारित टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें दिल्ली, गुजरात, जयपुर, लखनऊ, पंजाब, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता की टीमें शामिल हैं। अंकुश यादव को शटल स्नाइपर्स हैदराबाद टीम में जगह मिली है। इस टीम की मालकिन टेलीविजन अभिनेत्री फलक नाज हैं।


22 अक्टूबर से मुंबई में शुरू होगी लीग

इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में निर्धारित है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को मुकाबले सुबह 11:30 बजे से रात 10 बजे तक होंगे। वहीं, 23 से 25 अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक और 26 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक मुकाबले खेले जाएंगे। लीग के मुकाबलों का भारत में सोनी लिव पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा विदेशों में भी प्रसारण की व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शक इस प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे।


सहयोगियों के प्रति जताया आभार

अपनी इस उपलब्धि पर अंकुश यादव ने खेल सफर में साथ देने वाले बाबा मौर्य, डॉ. नरेंद्र पाठक, चंदन पटवा, शुभम खरे, डॉ. अनीथा कुमारी, हर्षित सिंह कुशवाहा, आशुतोष चौहान समेत अन्य मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उन्हें कई लोगों का सहयोग और प्रोत्साहन मिला है।


अंकुश का कहना है कि इंडियन प्रो बैडमिंटन लीग में चयन उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उनके गांव अगहूँवा सवैया और पूरे जौनपुर जिले के लिए गर्व का विषय है। उनका लक्ष्य लीग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना, टीम की जीत में योगदान देना और अपने खेल के दम पर नई पहचान बनाना है।


Related

JAUNPUR 7636320458756407126

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item