पीईटी अभ्यर्थियों को राहत देने की अपील, होटल संचालक निर्धारित दर से कम पर दें कमरे
25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी परीक्षा, दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में आएंगे परीक्षार्थी
जौनपुर। पीईटी-2026 की परीक्षा देने दूसरे जिलों से जौनपुर आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों से मानवीय पहल करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा में शामिल होने आ रहे अभ्यर्थियों को कमरों के निर्धारित किराये से कम दर पर कमरे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।नगर मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी प्रोटोकॉल ने शुक्रवार को जनपद के समस्त होटल मालिकों और प्रबंधकों को इस संबंध में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने के लिए दूसरे जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जौनपुर पहुंचने की संभावना है।
ऐसे में अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए उचित दर पर कमरे उपलब्ध कराना जरूरी है। प्रशासन ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों से अपील की है कि वे अभ्यर्थियों की परिस्थितियों को समझते हुए निर्धारित किराये से कम दर पर कमरे आवंटित करें और उनके प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाएं।
प्रतियोगी परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा, भोजन और ठहरने पर खर्च करना पड़ता है। ऐसे में होटल संचालकों की ओर से किराये में राहत मिलने से उन्हें आर्थिक सहारा मिल सकता है। प्रशासन की इस अपील के बाद अब होटल संचालकों की मानवीय पहल पर नजर रहेगी।

