साइबर ठगी के दो पीड़ितों को वापस मिले 11,817 रुपये, केराकत पुलिस की कार्रवाई
जौनपुर। साइबर ठगी के शिकार दो लोगों को केराकत पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ितों के बैंक खातों में कुल 11,817 रुपये वापस कराए हैं। इसमें एक पीड़ित के 5,000 रुपये और दूसरे के 6,817 रुपये वापस कराए गए।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम और ठगी के शिकार लोगों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में साइबर पुलिस टीम ने शिकायतों पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के कुसैला निवासी सर्वेंद्र कुमार मौर्य ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर बैंक खाते से धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 5,000 रुपये वापस कराए गए।
इसी क्रम में केराकत कस्बा निवासी शाह आलम मोहम्मद युसुफ ने भी साइबर हेल्पलाइन 1930 पर खाते से धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उनके 6,817 रुपये वापस कराए।
दोनों मामलों में एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित धनराशि को होल्ड कराया गया। आवश्यक कानूनी एवं प्रक्रियागत कार्रवाई पूरी करने के बाद कुल 11,817 रुपये पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराए गए।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र कुमार पांडेय, निरीक्षक अपराध राजेश मिश्रा, कंप्यूटर ऑपरेटर कमलापति, हेड कांस्टेबल विजय यादव और महिला कांस्टेबल आयुषी यादव शामिल रहीं।

