पेंशनर्स की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में ऑनलाइन प्रक्रिया बनी बाधा, ऑफलाइन भुगतान की उठी मांग

 

जौनपुर। चिकित्सा बिलों के ऑनलाइन भुगतान में आ रही तकनीकी खामियों से परेशान पेंशनर्स का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया दुरुस्त होने तक चिकित्सा प्रतिपूर्ति के देयकों को ऑफलाइन स्वीकार करने की व्यवस्था की जाए, ताकि बुजुर्ग पेंशनर्स को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। मांग पूरी न होने पर संगठन ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।


गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में संगठन की जनपद शाखा की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष सीबी सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि आगामी 29 नवंबर को संगठन का प्रांतीय अधिवेशन लखनऊ में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यय के ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया में तकनीकी कमियों के चलते सहज जनसेवा केंद्रों और साइबर कैफे से भी चिकित्सा बिलों की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इससे बुजुर्ग पेंशनर्स की चिकित्सा प्रभावित हो रही है और उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।


जिलाध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि जब तक ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया की खामियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक संबंधित कार्यालयों में चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑफलाइन स्वीकार किए जाएं। उन्होंने संगठन की पहले से लंबित मांगों का भी शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पेंशनर्स की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाई तो उन्हें सरकार के विरोध में सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।


बैठक में वक्ताओं ने भी पेंशनर्स की समस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता पर आक्रोश जताया। सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में जनपद के किसी भी सहज जनसेवा केंद्र अथवा साइबर कैफे से चिकित्सा बिलों की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि भुगतान संबंधी सॉफ्टवेयर अभी पूरी तरह अपडेट नहीं है। वक्ताओं ने मांग की कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑफलाइन स्वीकार किए जाएं, अन्यथा संगठन व्यापक आंदोलन करेगा।


बैठक में 29 नवंबर को लखनऊ में होने वाले प्रांतीय अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा पेंशनर्स के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।


इस अवसर पर नंदलाल सरोज, राजेश कुमार श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, कंचन सिंह, ओंकार नाथ मिश्र, अशोक कुमार मौर्य, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, रमेश, राजपति विश्वकर्मा, रामप्रताप यादव, शंभूनाथ, महेंद्र पाठक, डॉ. भारत यादव, ओमप्रकाश सिंह, दशरथ राम सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।


बैठक में वरिष्ठ पेंशनर्स स्व. महाबल यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दिवंगत आत्मा की शांति एवं उपस्थित सभी पेंशनर्स के स्वस्थ रहने की कामना की गई। बैठक का संचालन कोषाध्यक्ष रामअवधलाल श्रीवास्तव ने किया।

Related

डाक्टर 2639984633029074137

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item