पुरानी पेंशन बहाली से लेकर पदोन्नति तक, शिक्षकों ने उठाई 12 बड़ी मांगें, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
टीईटी की अनिवार्यता से मुक्ति, स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने और विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग; जिलाध्यक्ष अरविन्द शुक्ल के नेतृत्व में डीएम के माध्यम से भेजा गया ज्ञापन
जौनपुर। पुरानी पेंशन की बहाली, टीईटी की अनिवार्यता से राहत और पदोन्नति सहित शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आवाज बुलंद की है। बुधवार को संघ की जनपद शाखा जौनपुर ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष अरविन्द शुक्ल और जिला मंत्री रविचन्द्र यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों एवं उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय का स्वागत करते हुए आभार जताया गया। साथ ही कहा गया कि शिक्षकों की कई अन्य महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान अब जरूरी हो गया है।
पुरानी पेंशन और टीईटी की अनिवार्यता पर उठाई आवाज
शिक्षक संघ ने एक अप्रैल 2005 अथवा उसके बाद नियुक्त शिक्षकों सहित पूर्व चयनित शिक्षकों के लिए नई पेंशन प्रणाली समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की। इसके अलावा 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की पूर्वगामी अनिवार्यता से मुक्त रखने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग उठाई।
संघ ने सभी शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश पर तत्काल रोक लगाने और उच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध खंडपीठ में अपील करने का भी अनुरोध किया। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों सहित पदोन्नति सुनिश्चित करने तथा 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षकों की तरह प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
स्थानांतरण और नियुक्ति से जुड़े मुद्दे भी उठाए
वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की परीक्षा में 50 प्रतिशत न्यूनतम उत्तीर्ण अंक की बाध्यता समाप्त करने, विशेष श्रेणी के लंबित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी करने तथा आगामी शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय, अंतःजनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही मृतक बेसिक शिक्षकों के बीएड एवं टीईटी योग्यताधारी आश्रितों की शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग उठाई गई।
हर विद्यालय में सफाईकर्मी और चौकीदार की नियुक्ति की मांग
शिक्षक संघ ने प्रत्येक विद्यालय अथवा विद्यालय परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाईकर्मी और चौकीदार की नियुक्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त शिक्षकों को द्वितीय शनिवार का अवकाश तथा उपार्जित अवकाश अनुमन्य किए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि शिक्षकों की समस्याओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सभी 12 मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक शासनादेश जारी किए जाएं।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल साहब यादव, कोषाध्यक्ष रामदुलार यादव, संयुक्त मंत्री वीरेंद्र प्रताप सिंह, सुनील कुमार यादव, शिवेंद्र सिंह रानू, लक्ष्मीकांत सिंह, विष्णु तिवारी, विक्रम प्रकाश यादव, अनिल दीप चौधरी, संतोष कुमार सिंह, राजेश पांडेय, मनोज यादव, सुधीर कुमार सिंह, राजकुमार यादव, रणंजय सिंह, धीरेंद्र यादव, प्रमोद कुमार दुबे, अरुण कुमार यादव, राम प्रसाद यादव, अरुण कुमार सिंह, पवन कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार एवं मोहम्मद हाशिम सहित अन्य शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

