नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, 157 घाटों पर उमड़ेगी आस्था की भीड़; सुरक्षा में तैनात होंगे एक हजार पुलिसकर्मी

 जौनपुर में डीएम और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, गोमती-सई नदी के घाटों पर सफाई से लेकर बैरिकेडिंग तक की गई व्यवस्था

जौनपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर जिलेभर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गोमती और सई नदी के घाटों सहित विभिन्न जलाशयों की साफ-सफाई कराई गई है। व्रती महिलाओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना के लिए वेदियां भी तैयार कर ली हैं। अब श्रद्धालुओं को अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का इंतजार है।


नगर में गोपी घाट, विसर्जन घाट, हनुमान घाट समेत प्रमुख घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए हैं। सद्भावना पुल की रेलिंग पर बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।


शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के मुताबिक, जिले में कुल 157 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जलाशयों और नदी घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों को भी लगाया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।


निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चन्द्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Related

JAUNPUR 3861834368318960853

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item