सड़क हादसों में 18 से 34 वर्ष के युवाओं की हिस्सेदारी 60 फीसदी, जौनपुर प्रदेश के 20 जिलों में 17वें स्थान पर

 सर्वोदय इंटर कॉलेज खुदौली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सीओ सुनील चंद्र तिवारी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

खेतासराय, जौनपुर। सड़क पर जरा-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का मजबूत कवच हैं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को सर्वोदय इंटर कॉलेज खुदौली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


जनपद के यातायात विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रकाश स्तंभ में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और विद्यालय के संस्थापक प्रधानाचार्य स्वर्गीय केशव प्रसाद उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


कार्यक्रम में छात्राओं ने कविता, भाषण और गीतों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। वहीं, रंगोली के जरिए भी सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।


इस दौरान यातायात निरीक्षक राजेश सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में सड़क दुर्घटनाओं के मामले में जौनपुर 17वें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में 18 से 34 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक है और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किए जाने की आवश्यकता को दर्शाता है।


मुख्य अतिथि यातायात क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए। नशे की हालत में वाहन चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना दुर्घटनाओं को आमंत्रण देने जैसा है। उन्होंने लोगों से यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।


उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, भविष्य और प्रगति पर भी चर्चा की। साथ ही उन्हें संस्कारवान बनने, अनुशासन अपनाने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि एवं यातायात विभाग की टीम का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 8101632887894780075

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item