सीएमओ के औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य केंद्र की पोल, प्रसव रजिस्टर अधूरा मिलने पर स्टाफ नर्स को फटकार

 लैब टेक्नीशियन मिला अनुपस्थित, सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज कराई गैरहाजिरी; जननी सुरक्षा योजना का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश

खेतासराय, जौनपुर। स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11:15 बजे अचानक सीएमओ के पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान प्रसव रजिस्टर में खामियां और लैब टेक्नीशियन की अनुपस्थिति सामने आई। इस पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सीएमओ सबसे पहले प्रसव कक्ष पहुंचे और वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा अभिलेखों की जांच की। प्रसव रजिस्टर में प्रसूताओं से संबंधित आवश्यक जानकारियां अधूरी दर्ज मिलने पर उन्होंने स्टाफ नर्स को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रसूता का पूरा विवरण और उपचार से संबंधित जानकारी अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज की जाए, ताकि अभिलेखों में किसी तरह की कमी न रहे।


इसके बाद सीएमओ ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया, जहां एक लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारी को उपस्थिति रजिस्टर में गैरहाजिर दर्ज कराया। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सूर्य प्रकाश यादव को निर्देश दिया कि योजना के तहत सभी पात्र महिलाओं को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लाभार्थियों को सरकारी योजना का लाभ समय से मिल सके।


सीएमओ ने एडीएल रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और मोमेंट रजिस्टर की भी गहनता से जांच की। औषधि भंडारण कक्ष में पहुंचकर रैबीज के इंजेक्शन सहित अन्य दवाओं की उपलब्धता, भंडारण और रखरखाव की स्थिति देखी। प्रसव कक्ष में मरीजों का उपचार कर रहीं डॉ. फिरदौस से प्रसव एवं महिला मरीजों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। वहीं ओपीडी में मरीजों का उपचार कर रहे डॉ. साजिद खान को ऑनलाइन पर्चा बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर संतोष जताया। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी दी कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।


इस अवसर पर डॉ. फैजान, राहुल यादव, अशोक सुल्तानी, विवेक त्रिपाठी, शाहनवाज अहमद, गंगापाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 807482771549314380

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item