राष्ट्रवीर सेना ने मनाई वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती, देशभक्ति के संकल्प से गूंजा हनुमान घाट
‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी’ के उद्घोष को किया याद, युवाओं से रानी लक्ष्मीबाई के साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेने का आह्वान
जौनपुर। राष्ट्रवीर सेना चेतना की धारा की ओर से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की 198वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के साथ हनुमान घाट स्थित कार्यालय पर मनाई गई। संजीव चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित समारोह का शुभारंभ सेना अध्यक्ष महेश कुमार ने भारत माता एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन चरित्र, अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और स्वाभिमान पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन केवल इतिहास का गौरवशाली अध्याय नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के लिए साहस, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की अमिट प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के सामने महारानी लक्ष्मीबाई ने जिस वीरता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका अमर उद्घोष 'मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी' आज भी देशवासियों के हृदय में देशभक्ति और स्वाभिमान की भावना जागृत करता है।
कार्यक्रम में आलोक सेठ, डॉ. मदन मोहन वर्मा, आशीष कुमार, नीरज सेठ, सुरेंद्र सोनी, मंगल सेठ सहित अन्य सदस्यों ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

