न्याय समागम 2.0 में पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल तो किसान को मिली ट्रैक्टर की चाबी
जनपद न्यायाधीश ने किया मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारंभ, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टाल
जौनपुर। जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा एवं वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर 'न्याय समागम 2.0' का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, श्रमिकों को चेक और किसानों को सम्मान निधि प्रदान की गई, वहीं एक किसान को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद फीता काटकर शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में हुआ।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने उद्यान, स्वास्थ्य, कृषि, महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली। आईसीडीएस विभाग के स्टाल पर पहुंचकर बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
शिविर में दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। श्रम विभाग ने विभिन्न हितकारी योजनाओं के तहत श्रमिकों को चेक प्रदान किए। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया गया। इसके अलावा विद्युत एवं शिक्षा विभाग की ओर से भी पात्र लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। उद्यान विभाग ने किसानों एवं लाभार्थियों को बीज और फलदार पौधे वितरित किए।
शिविर का प्रमुख आकर्षण कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना रही। इसके अंतर्गत जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने लाभार्थी अजय कुमार को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय अम्बष्ट, दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। टीडीबीएस इंटर कॉलेज कादीपुर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

