जफराबाद के युवक की एक हादसे में महाराष्ट्र के नागपुर में हुई मौत,परिवार में मचा कोहराम
जफराबाद।स्थानीय नगर पंचायत काजी अहमदनगर नूर वार्ड (नाव घाट) के निवासी मुकेश कुमार निषाद उम्र 24 वर्ष पुत्र विजय निषाद की महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्य करते समय मौत हो गई।
मुकेश नागपुर शहर के थाना गणेशपेठ के कॉटन मार्केट में एक प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्य करता था।मृतक मुकेश निषाद के बड़े पिता दिनेश निषाद ने बताया कि 30 अक्टूबर को कॉटन मार्केट चौक के पास में प्राइवेट कंस्ट्रक्शन कंपनी का टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य चल रहा था।इसी निर्माण कार्य मे सुबह लगभग 11 बजे टावर क्रेन की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य किया जा रहा था कि उसी समय दूसरी क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर मजदूरों वाले क्रेन से टकरा कर नीचे गिर गया। इस हादसे में क्रेन पर काम कर रहे दो मजदूरों की मौत हो गई थी।घटना की सूचना मुकेश के परिजनों को मिली। सूचना पर परिजन नागपुर पहुंचे और 31अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव रविवार को एम्बुलेंस से जफराबाद लाया।मुकेश का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मुकेश कुमार निषाद दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था और घर का खर्चा उठाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मुकेश अविवाहित था। घटना के बाद से ही मृतक की मां सरोजा देवी और पिता विजय कुमार निषाद का रो- रो कर बुरा हाल है।

