विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
पोलिंग पार्टियों की रवानगी, रिसीविंग और मतगणना के लिए स्थल का लिया जायजा, व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
जौनपुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान के बाद उनकी वापसी (रिसीविंग) तथा मतगणना की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का अधिकारियों की टीम के साथ निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए परिसर में उपलब्ध स्थानों का जायजा लिया गया। अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों के आवागमन, वाहनों की पार्किंग, मतदान सामग्री के वितरण एवं जमा करने तथा मतगणना के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

