दो बाइक सवारों के बीच विवाद के बाद जमकर हुई मारपीट
जफराबाद, जौनपुर। क्षेत्र के कजगांव रेलवे क्रॉसिंग स्थित अंडरपास में शनिवार को दो बाइक सवारों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों युवक घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुद्दुपुर निवासी अभय नारायण बाइक से कजगांव की ओर जा रहे थे। वह रेलवे क्रॉसिंग के अंडरपास में पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रहा एक बाइक सवार अचानक उनके सामने आ गया। उससे बचने के प्रयास में अभय नारायण बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद सामने वाले बाइक सवार ने अपनी बाइक रोक दी। अभय नारायण ने जब उसके तेज रफ्तार और गलत तरीके से बाइक चलाने का विरोध किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में दोनों के नाक और मुंह से खून बहने लगा। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है।

