जौनपुर में पुलिस का डीजे संचालकों पर बड़ा एक्शन, 24 डीजे सीज
ध्वनि मानकों की अनदेखी करने वालों पर चला पुलिस का अभियान, नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई**
जौनपुर। निर्धारित ध्वनि मानकों और शासन के दिशा-निर्देशों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 24 डीजे सीज कर दिए। इस कार्रवाई से डीजे संचालकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। पुलिस के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने से ध्वनि प्रदूषण फैलता है, जिसका आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अत्यधिक तेज आवाज से सुनने की क्षमता प्रभावित होने के साथ मानसिक तनाव, सिरदर्द और नींद में बाधा जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
तेज ध्वनि से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है, वहीं बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा डीजे के साथ सड़क पर भीड़ जुटने से यातायात बाधित होने और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए जनपदीय पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की और 24 डीजे सीज किए।
जौनपुर पुलिस ने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन ने बहुत ही अच्छा काम किया है
जवाब देंहटाएं