सात साल की आराध्या ने भक्ति गीतों से बांधा समां, सांसद विद्यासागर सोनकर ने किया सम्मानित
‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’ की प्रस्तुति पर झूम उठे अतिथि और श्रद्धालु
जौनपुर। छठ महोत्सव के मंच पर सात साल की नन्हीं गायिका आराध्या सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आराध्या ने अंश हनुमान फिल्म के भक्ति गीत ‘जब जिद पर आ गई पार्वती...’ की शानदार प्रस्तुति देकर अतिथियों और श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी।
इसके बाद पवन सिंह के लोकप्रिय छठ गीत ‘जोड़े-जोड़े घटवा...’ को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर आराध्या ने लोगों का मन मोह लिया। उसकी गायकी और आत्मविश्वास ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान जब आराध्या ने प्रसिद्ध भक्ति गीत ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी...’ सुनाना शुरू किया तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। उसकी प्रतिभा से प्रभावित होकर राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर, कुलपति प्रो. आरएन त्रिपाठी समेत अन्य अतिथि मंच पर पहुंचे और नन्हीं प्रतिभा को सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया। महज सात वर्ष की उम्र में आराध्या की इस शानदार प्रस्तुति की महोत्सव में खूब चर्चा रही।

