जौनपुर को मिली ₹3650 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, गडकरी ने 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

 मुंगराबादशाहपुर बाईपास समेत पांच नई परियोजनाओं का शुरू हुआ निर्माण, तीन तैयार सड़कों को किया राष्ट्र को समर्पित; बोले- यूपी में चल रहे पांच लाख करोड़ के हाईवे कार्य

जौनपुर। जिले के सड़क नेटवर्क को विस्तार देने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में गुरुवार को बड़ी पहल हुई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंगरा बादशाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में 3650 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ किया। करीब 191.5 किलोमीटर लंबाई वाली इन परियोजनाओं से जौनपुर सहित आसपास के जिलों की सड़क कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।


कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने 3210 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी तीन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें 1505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 63 किलोमीटर लंबा रायबरेली-प्रयागराज फोरलेन मार्ग, 1078 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 किलोमीटर लंबा जगतपुर-बाबूगंज-ऊंचाहार-आलापुर फोरलेन बाईपास एवं पुल तथा 627 करोड़ रुपये की लागत से बना 49 किलोमीटर लंबा मछलीशहर-जंघई-भदोही मार्ग शामिल है।

जौनपुर को मिली पांच नई परियोजनाओं की सौगात

केंद्रीय मंत्री ने लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच नई परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ भी किया। इनमें 198 करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबा मुंगरा बादशाहपुर बाईपास, 128 करोड़ रुपये की लागत से जौनपुर शहर के कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा तक 12 किलोमीटर मार्ग का फोरलेन चौड़ीकरण, 92 करोड़ रुपये की लागत से मड़ियाहूं रेलवे क्रॉसिंग पर 1.5 किलोमीटर लंबा ओवरब्रिज, 33 करोड़ रुपये की लागत से लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक पांच किलोमीटर फोरलेन मार्ग तथा 16 करोड़ रुपये की लागत से रामदयालगंज में सई नदी पर दो लेन के पुल का निर्माण शामिल है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने, रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत देने और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

यूपी में पांच लाख करोड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग कार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में पांच लाख करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग संबंधी कार्य चल रहे हैं। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुके हैं, जबकि तीन लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रक्रिया में हैं। शेष कार्य भी प्रगति पर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का देश को विकसित बनाने का संकल्प है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पानी, बिजली, टेलीकम्युनिकेशन और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। जहां ये चारों सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, वहां विकास के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। उत्तर प्रदेश में बेहतर सड़कों के निर्माण से औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

किसानों को अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाने पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जादाता और ईंधनदाता भी बनें, सरकार इसी दिशा में प्रयास कर रही है। चावल और गन्ने से बड़े पैमाने पर ऊर्जा तथा इथेनॉल का उत्पादन किया जा रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

ऊर्जा आयातक नहीं, निर्यातक बनेगा उत्तर प्रदेश

गडकरी ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। इलेक्ट्रिक और सौर ऊर्जा का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। सरकार नई तकनीक को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी बदलावों के परिणामस्वरूप प्रदेश जल्द ही ऊर्जा आयात करने के बजाय ऊर्जा निर्यात करने वाला राज्य बनेगा।

Related

डाक्टर 1715620061840259416

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item