48वीं ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, कबड्डी में सोहासा और गोरैयाडीह का दबदबा
बीएसए समीर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। सार्वजनिक महाविद्यालय मुंगराबादशाहपुर के प्रांगण में शनिवार को 48वीं ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इसमें विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। खेल मैदान पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सार्वजनिक महाविद्यालय मुंगराबादशाहपुर के प्रबंधक उदय सिंह उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के बालक-बालिका वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। सामूहिक प्रतियोगिताओं में कबड्डी और खो-खो के मुकाबले हुए, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धाओं में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद एवं गोला फेंक में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में उच्च प्राथमिक स्तर की बालिका कबड्डी में न्याय पंचायत सोहासा ने प्रथम तथा पवांरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक स्तर के बालक कबड्डी मुकाबले में न्याय पंचायत गोरैयाडीह प्रथम और गरियांव द्वितीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर बीएसए समीर ने आयोजन की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग करने तथा जनपद एवं राज्य स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर डॉ. अविनाश सिंह ने अतिथियों का बुके एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में संजय, हंसराज, संतोष, विजय, सुनील कुमार मणि, पृथ्वीपाल, रामचंद्र, धर्मराज, उमाकांत, शैलेश, ब्रजभूषण, कृपाशंकर, जयसिंह, अनिल, उपेंद्र, अनुज, संदीप, शशि प्रकाश, अजीत, राजेश, जगदीश, निधि, अमरिशा, सुमन सहित विकास खंड के खेल अनुदेशकों का सराहनीय योगदान रहा।

