54 साल बाद शिष्‍य ने किया गुरुओं का सम्मान, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु पूजन कर पेश की अनूठी मिसाल

 विधायक रमेशचंद्र मिश्र बोले- गुरु का स्थान सर्वोपरि, तकनीक कभी नहीं ले सकती गुरु का स्थान

बदलापुर (जौनपुर)। गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है। इसी परंपरा को जीवंत करते हुए एकडला गांव निवासी पूर्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेमोहन मिश्र ने पढ़ाई पूरी करने के 54 साल बाद अपने गुरुजनों को सम्मानित कर अनूठी मिसाल पेश की। राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित गुरु पूजन एवं वंदन समारोह में उन्होंने अपने अध्ययन काल के आठ शिक्षकों और दो धार्मिक गुरुओं को सम्मानित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। सनातन परंपरा में गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा स्थान दिया गया है। गुरु ही एक साधारण बालक को ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से योग्य नागरिक बनाता है। गुरु केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है।


उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट, मोबाइल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में ज्ञान के अनेक रास्ते खुल गए हैं, लेकिन गुरु का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। तकनीक सूचनाएं दे सकती है, मगर सही और गलत का अंतर समझाने, चरित्र निर्माण करने और जीवन को सही दिशा देने का काम गुरु ही कर सकता है। जिस समाज में गुरु का सम्मान होता है, उसकी संस्कृति समृद्ध होती है और जिस राष्ट्र में शिक्षक सम्मानित होते हैं, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है।


विशिष्ट अतिथि सिंगरामऊ स्टेट के कुंवर मृगेंद्र सिंह शिव बाबा ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक शिल्पकार हैं। वे स्वयं दीपक की तरह जलकर हजारों विद्यार्थियों के जीवन में प्रकाश फैलाते हैं। समाज, राष्ट्र और संस्कृति के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। गुरुजनों का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार बनना चाहिए।


सीपीएमटी 1972 के टॉपर रहे हैं डॉ. राधेमोहन मिश्र


कार्यक्रम के आयोजक डॉ. राधेमोहन मिश्र राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्ष 1972 में तत्कालीन मेडिकल प्रवेश परीक्षा सीपीएमटी में टॉपर रहे थे। चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवाएं देने के बाद भी वह अपने शिक्षकों के योगदान को नहीं भूले। 54 साल बाद अपने गुरुजनों को एक मंच पर सम्मानित करने की उनकी पहल समारोह का विशेष आकर्षण रही।


इस अवसर पर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं पूर्व प्रधानाचार्य मूलचंद पांडेय, शिवसेवक तिवारी, रामकिशोर मौर्य, कमलाप्रसाद उपाध्याय, पूर्व लाइब्रेरियन बद्रीनारायण तिवारी, पूर्व भौतिक विज्ञान प्रवक्ता स्व. शीतला प्रसाद सिंह के भाई भगौती प्रसाद सिंह, पुरोहित माताफेर मिश्र तथा गुरु महाराज संगमलाल पांडेय को स्मृति चिह्न, शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया।


इसके पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गुरु पूजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य बद्रीनारायण मिश्र ने किया। अंत में आयोजक डॉ. राधेमोहन मिश्र ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करुणा, कृतज्ञता और सत्यनिष्ठा जीवन के तीन मूल आधार हैं। इन्हीं मूल्यों को आत्मसात करते हुए उन्होंने अपने गुरुओं के सम्मान का संकल्प लिया था, जो आज साकार हुआ।


इस मौके पर श्रीमती गीता मिश्र, डॉ. श्वेता मिश्र, पत्रकार डॉ. मधुकर तिवारी, सूर्यनारायण मिश्र, श्याम मिश्र, अमरनाथ मिश्र, सभासद संतोष मिश्र, सुग्गू, ध्रुवेश मिश्र, अंबुज तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related

डाक्टर 8453315383857951395

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item