बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर ए.के. शर्मा सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने का निर्देश
बैठक में प्रभारी मंत्री ने विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों और खंभों को बदलने तथा खराब ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए। किसानों की सिंचाई जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बिजली व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया।
नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए मंत्री ने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को भी स्वच्छ और उपयोग योग्य बनाए रखने को कहा।
जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही जल निगम की परियोजनाओं के कारण खोदी गई सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने को कहा।
धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का रखें ध्यान
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जिले में बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने को कहा। धान खरीद की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरे और किसानों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं और डेंगू नियंत्रण पर दिया जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने डेंगू प्रभावित मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने और यातायात सुधारने का निर्देश
जनपद में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को कहा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो सके। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

