मिर्जापुर का 50 हजार का इनामी असलहा सप्लायर जौनपुर में गिरफ्तार
जौनपुर। अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ जौनपुर पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मछलीशहर पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय असलहा तस्कर सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मिर्जापुर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ प्रयागराज, मिर्जापुर एवं जौनपुर में आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुराफगुई नहर पुलिया (प्राइवेट बस अड्डे) के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों से आ रहे तीन आरोपियों शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया था कि मिर्जापुर निवासी सुनील दुबे उन्हें बिक्री के लिए अवैध असलहे उपलब्ध कराता था। इसके बाद वे सुनसान रास्तों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचते हुए विभिन्न स्थानों पर असलहों की बिक्री करते थे। इस मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा संख्या 280/2026 दर्ज किया गया था। तभी से सुनील दुबे वांछित चल रहा था।
सुनील दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर की ओर से पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में आठ सितंबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार 28 नवंबर को मछलीशहर थाने के उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ खाखोपुर पिकेट पर मौजूद थे। इसी दौरान एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव ने सूचना दी कि वांछित असलहा तस्कर सुनील दुबे मछलीशहर की तरफ से प्रयागराज जाने वाला है।
सूचना पर दोनों टीमों ने पुराफगुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर सुनील दुबे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील दुबे पुत्र रामशिरोमणि दुबे, निवासी ग्राम हरसड़, पोस्ट बरडीहा, थाना हलिया, जनपद मिर्जापुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह अवैध असलहों की सप्लाई करता था और पुलिस से बचने के लिए रात में सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था। उसने बताया कि वह पहले बेचे गए असलहों की रकम वसूलने बंधवा आया था। रकम नहीं मिलने पर प्रयागराज जाने के लिए साधन तलाश रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और एक तमंचा करीब पांच हजार रुपये में बेचता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्रयागराज के नैनी थाने में एक, मिर्जापुर के कछवां थाने में तीन और जौनपुर के मछलीशहर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में मछलीशहर पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल सर्वेश तोमर, कांस्टेबल श्यामू कुमार चौहान, सौरभ कुशवाहा, नीलेश गोंड और जैनुद्दीन शामिल रहे। वहीं एसटीएफ वाराणसी की टीम में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार पाठक, शहाबुद्दीन अंसारी, अजय कुमार जायसवाल, अवनीश कुमार सिंह, कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार यादव और चालक राजेश कुमार उपाध्याय शामिल रहे।

