स्कूटी का हैंडल थाम गांव-गांव निकलीं पल्लवी पटेल, बोलीं- जीडीपी बढ़ रही है तो रोजगार क्यों नहीं बढ़ रहा?


वंचितों की भागीदारी के बिना सरकार नहीं, 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में अपना दल (कमेरावादी)

जौनपुर। हाथों में स्कूटी का हैंडल और जुबां पर रोजगार एवं भागीदारी का नारा। सिराथू की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शनिवार को जौनपुर की सड़कों पर इसी अंदाज में नजर आईं। अपना दल (कमेरावादी) की रोजगार एवं भागीदारी यात्रा लेकर मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के सिहोरीवीर गांव पहुंचीं पल्लवी पटेल ने खुद स्कूटी चलाकर कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव भ्रमण किया। उनके इस अंदाज ने यात्रा को खास बना दिया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

संविधान दिवस के अवसर पर वाराणसी के सारनाथ से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न जनपदों से होते हुए आठ दिसंबर को राजधानी लखनऊ पहुंचेगी। जौनपुर पहुंचने पर मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान डॉ. पल्लवी पटेल ने रास्ते में पड़ने वाली महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में उन्होंने लोगों से संवाद भी किया।

यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि देश की जीडीपी बढ़ रही है तो रोजगार क्यों नहीं बढ़ रहा है? उन्होंने बेरोजगारी और सामाजिक भागीदारी को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि वंचित वर्गों की भागीदारी नहीं तो सरकार भी नहीं। उनके मुताबिक रोजगार और सत्ता में हिस्सेदारी ही इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोलीं- जल्द निकलेगा सकारात्मक परिणाम

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर पूछे गए सवाल के जवाब में पल्लवी पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों बड़ी पार्टियां हैं और दोनों ही काफी समझदार हैं। अभी बातचीत की शुरुआत हुई है। जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।

60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की रणनीति का खुलासा करते हुए डॉ. पल्लवी पटेल ने दावा किया कि अपना दल (कमेरावादी) प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को लेकर पार्टी जनता के बीच अपनी बात रखेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान जिन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे, वहां चिन्हित गांवों में ही रात्रि विश्राम किया जाएगा। कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में नहीं रुकेगा, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और बुनियादी सवालों को समझेगा। उन्होंने लोगों से आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

इस दौरान दीनानाथ सरोज, अरविन्द कुमार पटेल, रागिनी गौतम, अवधेश सरोज, रामचन्द्र पटेल, राम श्रृंगार पटेल, राय अखिलेश सिंह, रामचन्दर कन्नौजिया, अर्जुन पटेल, रिंकू पटेल, राजेश पटेल, नन्दलाल पटेल, सतीश पटेल, शारदा पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related

JAUNPUR 7164064348111684900

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item