बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव निलंबित, मो. जावेद रजी बने कार्यवाहक प्रधानाचार्य
नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता से जुड़े मामले में प्रबंध समिति की कार्रवाई, डीआईओएस ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर किए प्रमाणित
जौनपुर। नगर के प्रतिष्ठित बीआरपी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद को लेकर बड़ा प्रशासनिक घटनाक्रम सामने आया है। नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता से जुड़े आरोपों की जांच के क्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति ने प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। उनके निलंबन के बाद विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी विद्यालय के कामकाज के संचालन के लिए उनके हस्ताक्षरों को प्रमाणित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमनाथ बिंद ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव की नियुक्ति और शैक्षिक अर्हता पर सवाल उठाए थे। शिकायत में वर्ष 1998 में प्रवक्ता (नागरिक शास्त्र) पद पर नियुक्ति एवं अनुमोदन, एमएससी (रसायन विज्ञान) की शैक्षिक अर्हता, आठ मार्च 2019 के विनियमितीकरण आदेश, पद की रिक्ति तथा 31 अगस्त 2019 को प्रधानाचार्य पद पर चयन से संबंधित बिंदु उठाए गए थे।
मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों ने 10 अगस्त 2026 को अपनी आख्या प्रस्तुत की। इसमें उपलब्ध अभिलेखों और संबंधित पक्षों के स्पष्टीकरण का परीक्षण करते हुए शिकायत के विभिन्न बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की गई। जांच आख्या में यह भी उल्लेख किया गया कि शिकायतकर्ता की ओर से उठाए गए कुछ बिंदुओं के संबंध में प्रधानाचार्य द्वारा अपेक्षित साक्ष्य एवं अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने 13 नवंबर को शिकायत के बिंदुओं पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति ने 16 नवंबर 2026 को प्रस्ताव पारित कर प्रधानाचार्य प्रमोद श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। साथ ही विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी को कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में जिम्मेदारी देने और उनके हस्ताक्षर प्रमाणित कराने के लिए 17 नवंबर को प्रस्ताव जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा गया।
प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने 25 नवंबर को निलंबन अवधि में विद्यालय के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए मो. जावेद रजी के हस्ताक्षर कार्यवाहक प्रधानाचार्य के रूप में प्रमाणित कर दिए। हालांकि, यह अनुमति इस शर्त के साथ दी गई है कि संबंधित प्रकरण का अंतिम निस्तारण होने तक विद्यालय के सभी कार्य नियमानुसार संपादित कराए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद बीआरपी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रवक्ता मो. जावेद रजी संभालेंगे।

