सीएम डैशबोर्ड पर सी और डी श्रेणी वाले विभागों को डीएम की कड़ी चेतावनी, अगले माह तक ए-बी ग्रेड लाने का अल्टीमेटम
फैमिली आईडी और जननी सुरक्षा योजना की खराब रैंकिंग पर जताई नाराजगी, निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन अनिवार्य
जौनपुर। सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के प्रति जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सी और डी श्रेणी में रहने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए अगले माह तक अपनी प्रगति सुधारकर ए अथवा बी श्रेणी हासिल करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों और विभागीय प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का निर्देश दिया। जिन विभागों की प्रगति अत्यंत खराब पाई गई, उनके प्रति नाराजगी जताते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने की हिदायत दी।
निर्माण कार्यों का होगा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन
निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को प्रत्येक परियोजना का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर स्वीकृत बजट, कार्य की वर्तमान प्रगति, पूर्ण होने की निर्धारित तिथि और कार्य समाप्ति से संबंधित विवरण सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हों।
फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग पर नाराजगी
फैमिली आईडी बनाए जाने में खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में सुधार लाकर रैंकिंग बेहतर करने को कहा।
बिजली शिकायतों के निस्तारण में न हो देरी
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए डीएम ने ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बिल संशोधन से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इन मामलों में किसी भी स्तर पर शिकायतें लंबित नहीं रहनी चाहिए, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो।
बैठक में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में खराब नहीं होनी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

