जमीनी विवाद में दो सगे भाइयों के परिवारों में संघर्ष, मारपीट का वीडियो वायरल
हाईकोर्ट में विचाराधीन जमीन पर अधिक जुताई को लेकर भिड़े दोनों पक्ष, महिला समेत कई घायल
जफराबाद, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के नीलकण्ठपुर गांव में रविवार को जमीन के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में एक पक्ष के दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामलगन यादव और महाबल यादव सगे भाई हैं। दोनों के बीच एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उक्त जमीन को लेकर हाईकोर्ट में मुकदमा भी विचाराधीन है। आरोप है कि रामलगन यादव के पुत्र ने कथित तौर पर तय बंटवारे में मिले हिस्से से अधिक जमीन की जुताई कर दी। इसकी जानकारी होने पर महाबल यादव और उनके परिवार के लोगों ने विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
मारपीट में महाबल यादव और उनकी बहू सुनीता यादव पत्नी संजय यादव को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई।
थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा मारपीट का वीडियो गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए इस संघर्ष की चर्चा का विषय बना हुआ है।

