पेड़ के नीचे पुआल जलाने को लेकर दम्पति की पिटाई, कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाने का आरोप
https://www.shirazehind.com/2026/11/blog-post_189.html
जफराबाद। क्षेत्र के धनेजा गांव की यादव बस्ती में पेड़ के नीचे पुआल जलाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने एक दम्पति की लाठी-डंडे से पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ अभद्रता भी की गई। इतना ही नहीं, दम्पति को कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाने और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का भी आरोप है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धनेजा गांव निवासी पंचम यादव ने दीपावली की देर शाम पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी अरुण यादव उनके पेड़ के नीचे पुआल जला रहे थे। इसका कारण पूछने पर वह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर बांस के डंडे से मारपीट शुरू कर दी। पति को पिटता देख पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई।
आरोप है कि अरुण कुल्हाड़ी लेकर दम्पति को दौड़ाने लगा। किसी तरह दोनों ने दूसरे के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। कुछ देर बाद जब दम्पति अपने घर पहुंचे तो वहां फिर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।
थाना प्रभारी कमलनयन दूबे ने बताया कि पंचम यादव की तहरीर पर अरुण यादव सहित तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

