कार्यक्रम से लौट रहे व्यक्ति पर ईंट-पत्थर से हमला, संदिग्ध हालात में मौत, साथी के बयान पर परिजनों को संदेह
बदलापुर में गोद भराई समारोह से लौटते समय हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र में शाहगंज-बदलापुर मार्ग पर बुधवार की शाम एक व्यक्ति पर ईंट-पत्थर से हमला किए जाने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के तिलवारी गांव निवासी करीब 40 वर्षीय नीरव कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय धीरेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के परिजन उसके साथ रहे साथी के बयान से संतुष्ट नहीं हैं और पूरे मामले को संदिग्ध मान रहे हैं।
बताया जाता है कि नीरव कुमार सिंह बुधवार की शाम बदलापुर कस्बे के एक मैरेज हॉल में आयोजित गोद भराई समारोह में अपने एक साथी के साथ शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह मछली गांव, थाना बदलापुर निवासी नीरज कुमार यादव के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में शाहगंज-बदलापुर मार्ग पर एक गुमटी के पास दोनों रुककर सिगरेट लेने लगे। इसी दौरान तीन अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर नीरव कुमार सिंह पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
नीरज कुमार यादव के मुताबिक, वह घायल नीरव को लेकर बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ठीक बताया। हालांकि, सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में साथी द्वारा बताई जा रही कहानी और परिस्थितियों को लेकर परिजनों के मन में कई सवाल हैं। वे नीरज यादव के बयान से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में घटना की वास्तविक वजह और हमले की परिस्थितियों को लेकर रहस्य बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

