विवाद सुलझाने पहुंचे चाचा-भतीजी को मनबढ़ों ने पीटा, चार पर मुकदमा
भतीजी के बाल पकड़कर की मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
जफराबाद। क्षेत्र के धनेजा गांव में रविवार की सुबह दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचे चाचा और भतीजी को मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची भतीजी के बाल पकड़कर उसके साथ भी मारपीट की गई और धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी स्नेहा राजभर पुत्री दिलीप राजभर के चाचा रविवार सुबह शौच के लिए जा रहे थे। रास्ते में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी। चाचा विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने उन पर ही हमला कर दिया।
चाचा के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर स्नेहा उन्हें बचाने पहुंची तो आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर उसे भी पीटा और धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे ने बताया कि स्नेहा की तहरीर के आधार पर गांव के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

