कबुलपुर बाजार में बाइक बनी आग का गोला, युवक और मासूम बाल-बाल बचे
पेट्रोल पाइप निकलने से इंजन में लगी आग, पटाखों की दुकानों तक पहुंच सकती थी लपटें
जफराबाद। क्षेत्र के कबुलपुर बाजार में शनिवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक सवार युवक और उसके साथ मौजूद पांच वर्षीय मासूम बच्ची ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के बीरभानपुर गांव निवासी अरविंद पाठक के पुत्र आशुतोष पाठक अपनी पांच वर्षीय भांजी के साथ घर का कुछ सामान खरीदने कबुलपुर बाजार आए थे। सामान लेकर वापस लौटने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट की, अचानक पेट्रोल की टी से पाइप निकल गई। इससे पेट्रोल इंजन पर गिरने लगा और देखते ही देखते बाइक में आग लग गई।
अचानक आग की लपटें उठती देख आशुतोष अपनी भांजी के साथ बाइक से उतरकर दूर हट गए। बाइक में आग तेजी से फैलती देख बाजार में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी और बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग पर काबू पाने तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि घटनास्थल के आसपास पटाखों की कई दुकानें मौजूद थीं, लेकिन आग उन दुकानों तक नहीं पहुंची। यदि आग पटाखों की दुकानों तक फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। युवक और मासूम की जान बचने तथा आग के अन्य दुकानों तक नहीं पहुंचने से लोगों ने राहत की सांस ली।

