मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाली युवती और प्रेमी गिरफ्तार, बरसठी पुलिस ने भेजा न्यायालय
आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन पर दबाव बनाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप, दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव हनुमानगर में मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने युवती नेहा गौतम और उसके प्रेमी अभिजीत कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को बारीगांव हनुमानगर में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उसने नीचे उतरने के बजाय आत्महत्या करने की धमकी देकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया था। इस दौरान समाज में अशांति उत्पन्न करने, लोक व्यवस्था और यातायात बाधित करने तथा मोबाइल टावर की आपूर्ति रोकने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि युवती और उसके प्रेमी ने मौके पर मौजूद शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले को गंभीरता से लेते हुए बरसठी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 436/2026 के तहत बीएनएस की धारा 221, 226, 270, 329, 351(2) और 61(2)(बी) में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने मामले में मीरगंज थाना क्षेत्र के बसेरवां गांव निवासी नेहा गौतम पुत्री दिनेश गौतम और अभिजीत कुमार गौतम पुत्र हिंचलाल गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, कांस्टेबल अभिषेक यादव, रिजर्व आरक्षी अभय प्रताप, शैलेन्द्र कुमार, रिजर्व महिला कांस्टेबल रानी और वंदना शामिल रहीं।

