जमैथा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोमती में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
जफराबाद। क्षेत्र के जमैथा गांव स्थित आदि गंगा गोमती के पावन तट पर यमदग्नि ऋषि की तपोस्थली में यम द्वितीया के अवसर पर मंगलवार को पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग आस्था और श्रद्धा के साथ पहुंचे।
मंगलवार की सुबह से ही महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने गोमती नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद परमहंस जी की समाधि पर दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचीं महिलाओं ने परंपरा के अनुसार कड़ाही चढ़ाई। पूड़ी और हलवा बनाकर मां अखंड देवी (अखड़ो देवी) को प्रसाद स्वरूप अर्पित किया।
मेले में धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति और मनोरंजन का भी अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाओं ने श्रृंगार प्रसाधन और गृहस्थी के सामानों की खरीदारी की तो बच्चों ने खिलौने खरीदे और झूलों का आनंद उठाया। पूरे मेला क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे लगातार मेला क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
मेले की व्यवस्था में समाजसेवी एवं पूर्व प्रमुख आशुतोष सिंह, हरेंद्र सिंह, गोलू सिंह, संजय शुक्ल सहित अन्य लोग सक्रिय रहे। इस अवसर पर परमहंस आश्रम के महंत राजनदास जी महाराज ने मेले में पहुंचे विशिष्ट लोगों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

