पूर्वांचल युवा महोत्सव के ऑडिशन का आगाज, प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

 बीआरपी इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया शुरू, 17 से 19 नवंबर तक सजेगा महोत्सव का मंच; नृत्य, गायन से लेकर मिमिक्री तक दिखेगा हुनर

जौनपुर। पूर्वांचल के नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर देने वाले बहुप्रतीक्षित पूर्वांचल युवा महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में सहभागिता के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया सोमवार से बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान स्थित सभागार में ऑडिशन के साथ शुरू हो गई। पहले दिन बड़ी संख्या में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन का कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल युवा महोत्सव के संरक्षक एवं टीडी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. समर बहादुर सिंह, टीडी कॉलेज के बीएड विभाग के प्रो. अजय कुमार दुबे तथा बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।


इस अवसर पर प्रो. समर बहादुर सिंह ने कहा कि पूर्वांचल युवा महोत्सव नवोदित कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का विशिष्ट अवसर है। उन्होंने कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।


महोत्सव के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल युवा महोत्सव का आयोजन 17, 18 एवं 19 नवंबर को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में किया जाएगा। इसमें जौनपुर सहित पूर्वांचल और प्रदेश के विभिन्न जनपदों के नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।


उन्होंने बताया कि कलाकारों के चयन के लिए 3, 4 एवं 5 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक कलाकार बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान स्थित सभागार में पहुंचकर निःशुल्क पंजीकरण कराते हुए ऑडिशन में शामिल हो सकते हैं। चयन प्रक्रिया में निर्धारित समय पर पहुंचकर सहभागिता करना अनिवार्य है।


महोत्सव की महामंत्री निवेदिता राय ने बताया कि यह आयोजन केवल जौनपुर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के उभरते कलाकारों के लिए एक शानदार मंच है। महोत्सव में नृत्य, गायन, वादन, मेहंदी प्रतियोगिता, क्राफ्ट, मिमिक्री और कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


इस मौके पर कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों संजय सिंह, रेखा सिंह, निशांत सिंह भोलू, राखी सिंह, किरण सिंह, दिव्या सिंह, लक्ष्मी, मयंक, राजू, शम्स अब्बास, संकल्प सिंह, शहनाज, विक्रांत राय, बच्चा सिंह एवं महेंद्र मौर्य सहित अन्य लोगों ने अपने विचार और सुझाव रखे।


कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा दुबे ने किया तथा अंत में उपेंद्र कुमार मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related

JAUNPUR 218611277780549653

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item