रागिनी सिंह बनीं भाजपा महिला मोर्चा की काशी क्षेत्रीय मंत्री, समर्थकों में खुशी की लहर
वाजिदपुर स्थित आवास पर सुबह से जुटे कार्यकर्ता और शुभचिंतक, महिलाओं ने कहा- संगठन को मिलेगी नई मजबूती
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की काशी क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही जौनपुर की रागिनी सिंह को क्षेत्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर के वाजिदपुर दक्षिणी बस्ती निवासी रागिनी सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने की खबर फैलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं एवं मिठाइयों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
गौरतलब है कि रागिनी सिंह भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी संगठनात्मक सक्रियता और कार्यों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने अब उन्हें काशी क्षेत्र में क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके आवास पर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। समर्थक मिठाई खिलाकर, पुष्पगुच्छ भेंटकर और फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें बधाई देते नजर आए। बड़ी संख्या में महिलाओं की टोली भी इस खुशी में शामिल हुई। महिलाओं ने कहा कि रागिनी सिंह को क्षेत्रीय मंत्री बनाए जाने से महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस मौके पर रागिनी सिंह ने सभी समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है और जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। महिला मोर्चा को गांव-गांव और गली-गली तक मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं और आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, समर्थक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

