किराना दुकान की छत का पटिया तोड़कर हजारों का सामान समेट ले गए चोर, एक महीने में दूसरी बार वारदात
सलोनी महिमापुर गांव में चोरी से दहशत, दो हजार रुपये नकद समेत किराना सामान पार
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सलोनी महिमापुर गांव में चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए छत का पटिया तोड़कर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। चोर दुकान में रखे रिफाइंड तेल, खड़ा मसाला, दाल, साबुन, शैंपू और दो हजार रुपये नकद उठा ले गए। जाते-जाते दुकान में रखे कई सामान को तोड़कर क्षतिग्रस्त भी कर दिया। एक महीने के भीतर इसी दुकान में दूसरी बार चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी संगीता यादव पत्नी स्वर्गीय हरि यादव की गांव में ही किराने की दुकान है। शुक्रवार की रात चोर दुकान की छत का पटिया तोड़कर अंदर घुस गए और दुकान में रखा सामान समेटकर फरार हो गए। शनिवार को घटना की जानकारी होने पर महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। लगातार दूसरी बार हुई चोरी की घटना से दुकानदारों में भी चिंता व्याप्त है।

