गोपी घाट पर गोमती आरती और दीपदान से जगमगाया तट, गंगा उत्सव में बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश
पेंटिंग और रंगोली के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई नदियों के संरक्षण की झलक, वन विभाग के अधिकारियों ने किया उत्साहवर्धन
जौनपुर। नमामि गंगे एवं जिला गंगा समिति के तत्वावधान में बुधवार को सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, जौनपुर की ओर से गोपी घाट पर गंगा उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान गोमती आरती, दीपदान और दीपोत्सव के जरिए नदी संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी से घाट का वातावरण भक्तिमय और आकर्षक हो उठा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नदियों और पर्यावरण के महत्व को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग एवं रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन रचनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने नदियों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने और पर्यावरण की रक्षा करने का संदेश दिया। साथ ही लोगों को नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर वन विभाग के एसडीओ हरिओम श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग और विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से उनके प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली और उनकी रचनात्मकता की सराहना करते हुए जल एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला गंगा समिति की डीपीओ सोनाली सिंह, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

