कल मुंगराबादशाहपुर में नितिन गडकरी का कार्यक्रम, सुबह सात बजे से लागू होगा रूट डायवर्जन

 प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर भारी और सामान्य वाहनों के आवागमन में होगा बदलाव, जंघई-मछलीशहर और सतहरिया होकर गुजरेंगे वाहन

जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के 5 नवंबर को मुंगराबादशाहपुर आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंत्री के कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया गया है। यह डायवर्जन गुरुवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन गडकरी प्रयागराज एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा मुंगराबादशाहपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां राष्ट्र को समर्पित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

यातायात पुलिस के अनुसार, प्रयागराज की ओर से जौनपुर आने वाले भारी और सामान्य वाहनों को बरना तिराहा से जंघई और मछलीशहर होते हुए जौनपुर भेजा जाएगा। दूसरा वैकल्पिक मार्ग बरना तिराहा से गाजी का बाग, फतनपुर और सतहरिया होते हुए निर्धारित किया गया है। जौनपुर से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को भी इन्हीं निर्धारित मार्गों से आवागमन करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुंगराबादशाहपुर-तलहटी मोड़-पुरऊपुर नहर-पांडेपुर-बरना पुल-फूलपुर होते हुए प्रयागराज जाने वाले मार्ग को आकस्मिक वैकल्पिक मार्ग के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

प्रयागराज के बरना तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को जौनपुर-प्रयागराज सीमा पर बैरियर लगाकर इटहरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद तरहटी तिराहे से वाहनों को कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें जंघई की तरफ भेजा जाएगा।

जंघई की ओर से प्रयागराज, प्रतापगढ़ और जौनपुर जाने वाले भारी वाहन मछलीशहर होकर गुजरेंगे। इटहरा तिराहे से कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों को मुंगराबादशाहपुर कस्बे में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, मुंगराबादशाहपुर थाने के पास स्थित जंघई चौराहे से किसी भी वाहन को प्रयागराज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 5 नवंबर को सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। अनावश्यक रूप से मुंगराबादशाहपुर कस्बे और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य कर लें।

Related

JAUNPUR 1822533148090811380

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item