खेतासराय में डेढ़ घंटे तक रेंगते रहे वाहन, जाम में कराहता रहा बाजार

 सड़क की पटरियों पर ठेले वालों का कब्जा और बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा बने मुसीबत, डंपरों के चौराहे पर पहुंचते ही थम गई रफ्तार

खेतासराय, जौनपुर। कस्बे में जाम की समस्या अब लोगों के लिए नासूर बनती जा रही है। बुधवार को एक बार फिर बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आई। वाहनों की लंबी कतारों के बीच राहगीर और बाजार में खरीदारी करने आए लोग करीब डेढ़ घंटे तक हलकान रहे। मुख्य मार्ग से लेकर बाजार की संकरी गलियों तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस और होमगार्ड के जवानों को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।


कस्बे में जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क की पटरियों पर ठेले वालों का अतिक्रमण और जगह-जगह बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा बन रहे हैं। नगर प्रशासन की ओर से ठेले वालों के लिए अब तक कोई निर्धारित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में दुकानदार सड़क किनारे ही अपना कारोबार करने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ ई-रिक्शा चालक भी सवारियों के इंतजार में बाजार के अलग-अलग स्थानों पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती।


बुधवार सुबह करीब 11 बजे खुटहन रोड की ओर से निर्माण कार्य में लगे कई डंपर सामान लेकर एक साथ चौराहे पर पहुंच गए। डंपरों के मुड़ने के दौरान सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के चलते रास्ता बेहद संकरा हो गया। नतीजा यह हुआ कि डंपरों के पहिए थम गए और देखते ही देखते बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गई।


जाम का दायरा बढ़ते हुए स्टेशन गली, बड़ी मस्जिद गली और गोला बाजार तक पहुंच गया। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। काफी देर तक बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा।


सूचना पर पहुंचे पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपरों को निकलवाया और यातायात बहाल कराया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।

Related

JAUNPUR 475905843015914478

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item