मड़ियाहूं के तीन परिषदीय विद्यालयों को मिली स्मार्ट टीवी की सौगात, अब डिजिटल माध्यम से पढ़ेंगे नौनिहाल

 नई दिल्ली के सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप और रोटरी क्लब कामा प्लेस के सहयोग से हुआ वितरण, बीएसए समीर ने किया लोकार्पण

मड़ियाहूं, जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है। विकास खंड मड़ियाहूं के तीन प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों को स्मार्ट टीवी की सौगात मिली है। इससे अब इन विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहाल ऑडियो-वीडियो, एनिमेशन और ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।


नई दिल्ली के सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप के तत्वावधान में तथा रोटरी क्लब कामा प्लेस, दिल्ली के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर द्वारा स्मार्ट टीवी का लोकार्पण किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। डिजिटल संसाधनों से पढ़ाई न केवल रोचक बनेगी, बल्कि बच्चों को कठिन विषयों को समझने में भी आसानी होगी।


खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थी दृश्य एवं श्रव्य सामग्री के जरिए सरलता से ज्ञान अर्जित कर सकेंगे। इससे बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति में भी सकारात्मक सुधार होने की उम्मीद है।


इस पहल के तहत प्राथमिक विद्यालय बासदेवपट्टी, कंपोजिट विद्यालय रानीपट्टी और प्राथमिक विद्यालय अनापुर दशरथपुर को स्मार्ट टीवी प्रदान किया गया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक, शिक्षक, ग्राम प्रधान, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


विद्यालय परिवार ने सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं वंचित परिवारों के बच्चों को भी आधुनिक डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।


कार्यक्रम को सफल बनाने में मड़ियाहूं के एआरपी शशिबदन उपाध्याय, संतोष दुबे, कृष्ण कुमार, अखिलेश यादव एवं विनीत सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related

डाक्टर 635841128139874501

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item