पुनः शुरू किया जाय निर्माण कार्य
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_6726.html
जौनपुर। राज्य सड़क निधि के अन्तर्गत निर्माणाधीन शाहगंज-मुंगराबादशाहपुर मार्ग के स्थगित निर्माण कार्य को अविलम्ब प्रारम्भ कराये जाने को लेकर गुरूवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव इन्द्रमणि दूबे ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। पत्रक के अनुसार शाहगंज से लेकर खुटहन, बदलापुर, महराजगंज, सुजानगंज होकर मुंगराबादशाहपुर तक जाने वाली प्रमुख सड़क के चैड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किये जाने हेतु निविदा का प्रकाशन अधीक्षण अभियंता आजमगढ़ वृत्त लोनिवि आजमगढ़ द्वारा 12 दिसम्बर 2012 को प्रकाशित हुआ जिसे 22 जनवरी 13 को प्राप्त किया गया तथा गाजियाबाद की एक कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य भी प्रारम्भ का दिया गया। उनके अनुसार शासन से अवमुक्त हुये 8 करोड़ 87 लाख रूपये के बावजूद भी 20 प्रतिशत कार्य करके बंद करा दिया गया जो विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। इतना ही नहीं, इस मार्ग से इलाहाबाद तक की यात्रा करने वाले यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं। कई जगह तो कुएं जैसी गहरी खाई बन गयी है जो जानलेवा बनी हुई है। सड़क का आलम यह है कि पिलकिछा से रामनगर एवं सुजानगंज से मुंगराबादशाहपुर तक तो पूर्णतया गड्ढे बने हुये हैं जिससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जिलाधिकारी के अलावा मण्डल आयुक्त वाराणसी एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तक शिकायती पत्र प्रेषित करने वाले कांग्रेस नेता श्री दूबे ने उक्त सड़क को अविलम्ब बनवाने की मांग किया है।
