बतौर सीएम केजरीवाल का पहला दिन
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_7896.html
अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए हैं। बतौर सीएम पहले भाषण में उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए एक अहम कदम का एलान किया। उन्होंने कहा कि वह जल्द की एक फोन नंबर सार्वजनिक करेंगे
जिस पर कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज करा सकेगा और
भ्रष्ट अफसरों को रंगे हाथ पकड़ा जाएगा।
अरविंद केजरीवाल रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के
बाद राजघाट गए और वहां से सीधे सचिवालय पहुंच गए। इसके बाद सबसे पहले
उन्होंने छह कैबिनेट मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया और दो बजे
कैबिनेट की बैठक की। केजरीवाल ने इससे पहले पत्रकारों के साथ बात की और
बताया कि वह शनिवार को बिजली विभाग और जल बोर्ड के अधिकारियों से मिलेंगे।
इसके अलावा सीएनजी-पीएनजी के दाम बढ़ाए जाने के संबंध में आईजीएल के
अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। शनिवार को केजरीवाल का दिल्ली के पुलिस
कमिश्नर से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। केजरीवाल शनिवार रात क्नॉट
प्लेस स्थित पार्टी के दफ्तर में ही रुकेंगे। उन्होंने दिल्ली के
मुख्यमंत्री को मिलने वाला बंगला लेने इनकार कर दिया है। ऐसे में उनके लिए
सत्य मार्ग, राजनिवास मार्ग और गोल मार्केट में फ्लैट देखा जा रहा है।
केजरीवाल रविवार को फ्लैट देखने के लिए जाएंगे।
केजरीवाल जानते हैं कि उनके पास दिल्ली की जनता से किए गए वादे पूरे करने के लिए वक्त कम है,
इसलिए उन्होंने सबसे पहले मंत्रियों के बीच विभाग बांटने का काम किया।
इसके अलवा दीपक मोहन की जगह राजेंद्र कुमार दिल्ली के नए प्रमुख सचिव
होंगे।
किसे मिला, कौन सा विभाग
- अरविंद केजरीवाल : गृह, बिजली, विजिलेंस, वित्त, योजना क्रियान्वयन
- मनीष सिसोदिया : पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, शहरी विकास
- राखी बिड़ला : महिला और बाल विकास
- सौरभ भारद्वाज : परिवहन
- सत्येंद्र जैन : स्वास्थ्य, इंडस्ट्री
- गिरीश सोनी : श्रम रोजगार, एससी एसटी,
- सोमनाथ भारती : खाद्य आपूर्ति, टूरिज्म, आर्ट एंड कल्चर

