रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था

 रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था' की तर्ज पर यूपी सरकार ने सैफई महोत्सव में नाच-गाने का आनंद उठाया और उसके मंत्री विदेश यात्रा पर हैं। दंगों का दंश झेल चुके मुजफ्फरनगर में राहत शिविरों में कई बच्चों की मौत के बाद सैकड़ों लोग ठंड से जूझ रहे हैं। अपनों को मौत के मुंह में जाता देख रहे हैं। प्रदेश के कोने-कोने से ठंड से लोगों के मरने की ख़बरें आ रही हैं।
 मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रह रही यूपी की जनता को दरकिनार कर यूपी सरकार अब तक 334 करोड़ की सौगात केवल सैफई को दे चुकी है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश बीते 26 दिसम्बर से अपने पारिवारिक और राजनैतिक कुनबे के साथ महोत्सव के रंग में रंगे नजर आए
 इस बीच राज्य में कानून व्यवस्था का हाल बुरा रहा। सपा के नेताओं द्वारा एक महीने में कानून ताक पर रख कर बलात्कार, छेड़खानी, शोषण और दबंगई के कम से कम दर्जन भर मामले सामने आए हैं। इनमें से कुछ मामलों में तो सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदारों के हाथ होने की बात सामने आई है।
 सपा कार्यकर्ता सरेआम गुंडागर्दी करते हुए नजर आए। चाहे फैजाबाद में टोलकर्मी की पिटाई हो या औरेया में टोल टैक्स मांगने पर कलर्क की धुनाई, हर जगह सपा के लोग मनमानी करते दिखे। 
बुधवार को सैफई महोत्सव का अंतिम दिन था जिसका थीम बालीवुड नाइट था। इसके लिए सैफई में बॉलीवुड स्टार्स का जमवाड़ा लगा। अंतिम दिन इस आयोजन में माधुरी, सलमान, रणवीर सिंह, सोहा अली खान और करिश्मा तन्ना अपनी पेशकश से लोगों का दिल बहलाया । 
 चारों तरफ ठंड से लोगों मौत से जूझ रहे प्रदेश में संगीतकार साजिद-वाजिद अपनी बॉलीवुड धुनों से शाम को रंगीन बनाया। इन बॉलीवुड सितारों को मुंबई से लाने के लिए सात विशेष चार्टर प्लेन की व्यवस्था भी की गई थी।  
 
 सैफई आने का इनाम भी माधुरी को मिला, उनकी फिल्म डेढ़ इश्किया को एक करोड़ रुपये राज्य सरकार की तरफ से दिए गए। बहाना बना डेढ़ इश्किया का यूपी में शूट होना। एक तरफ सपा के विधायक और नेता जनता के ऊपर दबंगई दिखा रहे थे तो मुख्यमंत्री पद की गरिमा का ख्याल न करते हुए ‘दबंग’ सलमान की अगुवाई के लिए पहुंच गए।
मुजफ्फरनगर और शामली जिले के राहत शिविरों में रह रहे दंगा पीड़ितों पर दोहरी मार उस वक़्त पड़ी जब शिविर में आये मासूम बच्चों की मौत ठंड से होने लगी। अब तक राहत शिविरों में लगभग 50 मौतें हो चुकी हैं जिनमें 42 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। 
 इन मौतों की वजह थी ठंड, बीमारी और मेडिकल सुविधाओं का अभाव। यूपी के प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता ने इन मौतों का यह कहकर मजाक उड़ाया कि अगर ठण्ड से मौत होती तो साईबेरिया में कोई जीवित न बचता।
 इस बीच सैफई में महोत्सव शुरू हो चुका था और रही सही कसर सपा सुप्रीमो ने पूरी कर दी कि शिविरों में बीजेपी और कांग्रेस समर्थक रह रहे हैं। इसके बाद रहत शिविरों में शुरू हुआ सरकारी तांडव। सरकार ने बुलडोज़र चलाकर राहत शिविरों को खाली करना शुरू कर दिया गया। 
 कहा गया कि जिन लोगों को मुआवजा मिल चुका है उन्हें शिविरों से हटे जा रहा हैं। विभिन्न एनजीओ की बनी जॉइंट को-ओर्डिनेशन कमेटी ने जब मौका मुआयाना किया और आरोप लगाया कि दंगा पीड़ितों को इसलिए हटे जा रहा है ताकि मीडिया असलियत उजागर न कर सके।
विदेश दौरे पर यूपी के मंत्री
 यूपी सरकार के मंत्री और विधायक विदेश यात्रा पर निकल चुके हैं। इस विदेश दौरे में राज्य के आठ मंत्रियों समेत 17 लोग शामिल हैं। पांच देशों तुर्की, नीदरलैंड्स, ब्रिटेन, ग्रीस और यूएई की यात्रा पर निकले ये मंत्री और विधायक 18 दिन तक विदेश दौरे पर रहेंगे।
 इस दल की यात्रा पर यूपी सरकार एक करोड़ रुपये खर्च कर रही है और इसे एजुकेशन टूर का नाम दिया गया है, जिसमें ये नेता वहां के राजनीतिक संस्थानों का दौरा करेंगे।
 विदेश यात्रा पर जाने वालों में आजम खान के साथ निर्दलीय विधायक राजा भैया और एक बीजपी और एक आरएलडी विधायक भी शामिल है। इस दल की अगुवाई राज्य के कद्दावर नेता आजम खान कर रहे हैं। यूपी की कॉमनवेल्थ पार्लियमेंट्री एसोसिएशन की तरफ से आयोजित की गई इस यात्रा के लिए आजम खान दल बल के साथ सुबह तुर्की के लिए रवाना हो चुके हैं।
 खास बात यह है कि इस दल में पहले राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप माथुर के भी नाम थे हालांकि उन्होंने बाद में इस टूर से अपना नाम वापस ले लिया। 
 इस दल में आजम के अलावा अंबिका चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, शिवकुमार बेरिया, राजा अरिदमन सिंह, मनोज पारस, भगवत शरण गंगवार, योगेश प्रताप सिंह के अलावा एसपी विधायक मुनींद्र शुक्ला, इरफान सोलंकी और गजाला लारी शामिल हैं। बीजेपी विधायक सीमा द्विवेदी और आरएडी विधायक पूरण प्रकाश भी इस दल में शामिल हैं। 
सरकार के नक्शे कदम पर मंत्री, बर्थडे पर लगाए ठुमके
 
'खाता न बही, जो पंडित सिंह कहे वही सही' इस कहावत को कहने वाले पंडित सिंह का सात जनवरी को जन्म दिन था। ये वहीं पंडित सिंह है, जो गोंडा के सीएमओ अपहरण काण्ड से चर्चा में आये थे। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री ने सुबह से ही कार्यकर्ताओं के साथ अपना जन्मदिन जोर शोर से मनाना शुरू कर दिया था। केक काटने के बाद पंडित सिंह ने भी डांसरों के साथ ठुमके लगाए।मंत्री जी जन्मदिन के कार्यक्रम का शुभारम्भ अपने पुस्तैनी गांव बल्लीपुर नवाबगंज से किया। वहां के बाद झंझरी विकासखण्ड गोण्डा के पूर्व ब्लाक प्रमुख और सपा नेता साबिर अली के यहां जन्मदिन के लिए निर्धारित कार्यक्रम में पहुंचे। केक काटा। उसके बाद सूरज होटल पहुंचे, जहां पर जन्मदिन के प्रमुख कार्यक्रम की शुरूआत हुई। 
 यहां भी मंत्री जी ने सबसे पहले केक काटा फिर डांसरों के साथ जमकर ठुमके लगाए। इस कार्यक्रम का लुफ्त सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गोण्डा के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अफसरों ने भी उठाया। 
 
 
 

Related

खबरें 4669182277730386382

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item