बारिश से फिर लौटी ठंड
https://www.shirazehind.com/2014/02/blog-post_2024.html
जौनपुर : मौसम ने शुक्रवार की रात से फिर अचानक करवट बदला। इससे चलते फरवरी माह में खत्म हो रही ठंड एक बार फिर लौटकर वापस आ गई। गलन व तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। इससे फसलों को कुछ हद नुकसान भी होगा।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो लवलीना का प्रभाव है। दिन का अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता करीब 45 के आस-पास है।
शुक्रवार की रात से बूंदाबांदी शुरू हो गई। शनिवार की सुबह करीब पौने आठ बजे तेज बारिश शुरु हो गई। यह करीब 12 बजे तक चली। कुछ देर थमने के बाद बारिश दिनभर होती रही। यही स्थिति जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बनी रही। बारिश के कारण दिनभर जनजीवन प्रभावित रहा। लोग जरुरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलते देखे गए। सबसे ज्यादा वादकारियों को हुई जिससे कुछ तो बारिश में भींगते हुए तो कुछ छतरी के सहारे कचहरी पहुंचे। बारिश के कारण शहर, कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। जिससे राहगीरों को चलने में काफी मुश्किलें हुई। बार-बार बारिश होने से किसानों के चेहरे पर चिंता के बादल देखे जा रहे है। इससे गेहूं, चना जैसे फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है।
केराकत में बेमौसम की मार व बरसात से नगर में जगह-जगह जलभराव हो गया है। जिससे आवश्यक कार्य प्रभावित होता है। तेजीबाजार क्षेत्र में खराब मौसम का असर दिखाई पड़ा। इससे किसानों की अरहर, सरसों, मटर, चना, दलहनी, तिलहनी, मूंग वाली फसलों को नुकसान साबित हो रहा है। बरईपार, बदलापुर क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी रही।

