जौनपुर में विकास का सागर बहा दूंगा : गुलाब दूबे
https://www.shirazehind.com/2014/04/blog-post_5681.html
जौनपुर। मातृभूमि की सेवा करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से आज मैं अपने आंगन (जौनपुर) में आया हूं। पार्टी हाईकमान के आदेश पर यहां आया हूं और यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो यहां विकास की नदियां नहीं, बल्कि सागर बहा दूंगा। उक्त बातें जौनपुर संसदीय सीट से शिवसेना उम्मीदवार के रूप में चुनावी ताल ठोंकने वाले गुलाब दूबे ने आज अपने चुनाव प्रचार के दरम्यान मतदाताओ से कहा । जनपद के जमालापुर क्षेत्र के मूल निवासी श्री दूबे ने बताया कि उनकी प्रारम्भिक शिक्षा गांव में पूर्ण हुई जिसके बाद जौनपुर से आगे की पढ़ाई के उपरांत काशी से स्नातक (बीएससी) की शिक्षा ग्रहण किया। रोजी-रोटी के सिलसिले में मुम्बई जाने पर शिवसेना ने पहचान बनायी जहां पार्षद का चुनाव जीतने के बाद राजनीति में सक्रिय हुआ। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के आदेश पर जौनपुरवासियों की सेवा करने के लिये आया हूं। जौनपुर से लेकर मुम्बई तक तमाम व्यवसाय करने वाले श्री दूबे ने कांग्रेस, सपा, बसपा को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि इस समय देश को एक सच्चे राष्ट्रभक्त नेता जैसे नरेन्द्र मोदी की आवश्यकता है, क्योंकि ऐसा ही व्यक्तित्व देश को पाकिस्तान सहित विदेशी ताकतों की कूटनीति से बचायेगा। देश को 8 प्रधानमंत्री देने वाले उत्तर प्रदेश को सभी दल उत्तम प्रदेश बनाने की बात कहते हैं लेकिन कोई भी ऐसा नहीं कर सका, बल्कि भ्रष्टाचार, अराजकता एवं अपराध के बढ़ने से नरक प्रदेश अवश्य बन गया है। अन्त में शिवसेना प्रत्याशी श्री दूबे ने कहा कि वह यहां चुनाव लड़ने आये हैं तथा किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।

