'राम भवन' में नरेंद्र मोदी को मिला नया ठिकाना,
https://www.shirazehind.com/2014/04/blog-post_6604.html
वाराणसी. काशी में कई हवेलियों और घरों के मालिक नरेंद्र मोदी को शरण देने की इच्छा संजोए बैठे थे। सबकी इच्छा धरी-की-धरी रह गई। नरेंद्र मोदी को ठिकाना मिल गया है। नए ठिकाने का पता रवींद्रपुरी कॉलोनी लेन नं 11 है। मकान मालिक का दावा है कि नरेंद्र मोदी काशी में यहीं रहेंगे। यातायात मोदी के आने से प्रभावित न हो इस लिए मकान रवींद्रपुरी में लिया जा रहा है।
मोदी के इस नए घर को यहां के विद्वान शुभ बता रहे हैं। मोदी के यहां आने से पहले ही घर की रंगाई-पुताई का काम जोर-शोर से हो रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से भी यह जगह सही बताई जा रही है।
काशी के सबसे महंगे कॉलोनी में से एक है रवींद्रपुरी, जहां लेन नंबर 11 के राम भवन में इस समय युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। घर को सजाने संवारने के लिए मरमत्त और पेंटिंग का काम हो रहा है। मकान के मालिक रामचंद्र मानखंड का कहना है कि उनके भतीजे ने इस मकान को मोदी के लिए बीजेपी को दे दिया है। बड़ी खुशी की बात है कि मोदी यहां रहेंगे।
इस मकान में करीब 14 कमरे हैं। मकान 6 हजार स्क्वॉयर फीट में है। सबसे बड़ी बात की ये मकान सुरक्षा की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। इस घर में चार कमरे मोदी के लिए लेने की बात की गई है।
वहीं मोदी के यहां रहने पर काशी के पंडित भी इसे शुभ मान रहे हैं। आचार्य श्रीधर पाण्डेय का कहना है कि वाराणसी वरुणा और अस्सी के बीच में है। मोदी का निवास स्थान अस्सी के केदार खंड में है। यह जगह बाबा विश्वनाथ का ह्रदय स्थल माना जाता है। इसलिए यह जगह सर्वोत्तम है।
नरेंद्र मोदी के 15 अप्रैल तक वाराणसी आने की संभावना है। उसके बाद वो यहीं रहेंगे। ऐसे में इस बात को लेकर इस कॉलोनी के निवासियों में भी काफी उत्साह है। वहीं बीजेपी के मीडिया प्रभारी संजय भारद्वाज ने इसकी जानकारी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर अलग-अलग लोग मकान देख रहे हैं।

