मंत्री सहित 15 लोगों पर डकैती का केस दर्ज
https://www.shirazehind.com/2014/06/15_26.html
यूपी की अखिलेश सरकार के
मत्स्य पालन मंत्री इकबाल महमूद पर डकैती का केस दर्ज किया गया है।
चंदौसी के थाने ने एक स्थानीय अदालत के आदेश पर संभल से विधायक महमूद समेत
15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मंत्री पर डकैती की साजिश रचने का
आरोप है और उनके खिलाफ आईपीसी की जिस धारा के तहत केस दर्ज किया गया है वह
गैर जमानती है।
नूतन कुमार नाम के एक स्थानीय वकील ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वकील ने आरोप लगाया था कि इकबाल महमूद के इशारे पर इस साल 25 मई की रात को 17 लोग उनके घर में जबर्दस्ती घुस आए थे और उनके परिवार पर हमला किया था। इसके अलावा उनकी सोने की चेन भी लूट ली गई थी। वकील ने कहा कि पहले मैंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन मेरी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद मैंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने बताया कि मंत्री के अलावा अनीस कुरैशी, तनवीर कुरैशी, मोहम्मद तहजीम उर्फ मिक्की, सुहेल, अनीस कुरैशी और लल्ला समेत अन्य लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया है।
अपने खिलाफ केस दर्ज होने के बाद मंत्री ने कहा, 'नूतन कुमार सीनियर एडवोकेट हैं, वह अपने विवेक से ऐसा नहीं कर सकते हैं। निश्चित ही मेरे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के भड़काने पर उन्होंने कोर्ट में मेरे खिलाफ शिकायत की। पिछले दिनों मेरा पुतला जलाने के विरोध में चंदौसी के ही कुछ लोगों ने नूतन कुमार के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई थी और उसी के बाद उन्होंने ऐसा किया है। वास्तव में ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं। सभी जानते हैं, मैं ऐसी ओछी हरकतें नहीं करता।'


